CG: मड़ोनार में पहली बार जिला पंचायत सदस्य की मौजूदगी में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

मड़ोनार में पहली बार जिला पंचायत सदस्य की मौजूदगी में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

संवाददाता – बोधन नाग

नारायणपुर । जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 08 छोटेडोंगर के अंतर्गत आश्रित ग्राम पंचायत मड़ोनार में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाई गई। कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले मड़ोनार में पहली बार जिला पंचायत सदस्य की मौजूदगी में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुआ। ग्रामीणों के लिए यह आयोजन विशेष उत्साह और गौरव का अवसर रहा।

कार्यक्रम में गोंडवाना समाज के प्रमुख और पेसा कानून के कार्यकर्ता लखन मंडावी, जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी, ग्राम पेसा कार्यकर्ता दशा कोर्राम, जयराम कोर्राम, आयतुराम कोर्राम, गायंता मयाराम कोर्राम और पटेल मोहन कोर्राम सहित शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और नागरिक मौजूद रहे।

 

समारोह के दौरान राष्ट्रध्वज फहराया गया और तिरंगे को सलामी दी गई। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले आदिवासी वीर शहीदों और देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ग्रामीणों ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

 

जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी की मौजूदगी से कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया। उन्होंने कहा कि मड़ोनार जैसे दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्र में तिरंगे का शान से लहराना लोकतंत्र और विकास की मजबूत होती तस्वीर है। उन्होंने पेसा कानून के माध्यम से ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने और ग्राम स्वराज को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

 

ग्रामीणों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार जिला पंचायत सदस्य की मौजूदगी से क्षेत्रवासियों में उत्साह और विश्वास बढ़ा है। ग्रामीणों के अनुसार यह आयोजन मड़ोनार में बदलते माहौल और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत होती पकड़ का संदेश है।

 

Exit mobile version