कोंडागांव के इरागांव में गौहत्या का मामला, पांच आरोपी गिरफ्तार
संवाददाता – धनेन्द्र निषाद
कोंडागांव। जिले के इरागांव थाना क्षेत्र के ग्राम पड्डे के जंगल में गौहत्या का मामला सामने आया है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की सूचना के बाद इरागांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पड्डे के जंगल क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा गाय को ले जाकर काटे जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पांच लोगों को कथित तौर पर गौहत्या करते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।