CG: माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद से शुरू हुई बस्तर तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन की यात्रा

माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद से शुरू हुई बस्तर तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन की यात्रा

 

दंतेवाड़ा। बस्तर तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन का शुभारंभ आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद के साथ हुआ। यात्रा प्रारंभ होने से पहले वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने माँ दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा अर्चना और दर्शन किए। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे।

मंत्री केदार कश्यप ने माँ दंतेश्वरी से छत्तीसगढ़वासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा अर्चना के बाद राष्ट्रभक्ति और तिरंगे के सम्मान के संकल्प के साथ यात्रा ने अपने दूसरे दिन का सफर शुरू किया।

 

इस अवसर पर केदार कश्यप ने कहा कि माँ दंतेश्वरी की पावन धरती से तिरंगा यात्रा का आगे बढ़ना गौरव का क्षण है। यह यात्रा बस्तर में शांति, विश्वास, एकता और विकास का संदेश लेकर जन जन तक पहुंच रही है।

 

दंतेवाड़ा से शुरू हुई बस्तर तिरंगा यात्रा दूसरे दिन कुआकोंडा, भूसारास घाटी, चिंगावरम, सुकमा, एर्राबोर, मनीकोंटा, दोरनापाल, पोलमपल्ली, बकुलपाल, मिनपा ताड़मेटला, चिंतलनार, जगरगुंडा, सिलगेर, टेकलगुड़ेम और आवापल्ली होते हुए बीजापुर पहुंचेगी। बीजापुर में यात्रा का रात्रि विश्राम निर्धारित है।

 

यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और शांतिपूर्ण एवं विकसित बस्तर का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

 

बस्तर की धरती पर तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रभाव के साथ आगे बढ़ रही यह यात्रा लोगों के बीच एकता, शांति और विकास की भावना को मजबूत करने का संदेश दे रही है।

Exit mobile version