
नारायणपुर से कन्हारगांव तक 12 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा
कलेक्टर और एसपी ने यात्रा मार्ग व कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण
नारायणपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से नारायणपुर जिले में 12 अगस्त को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा हमारा, गौरव हमारा थीम पर आयोजित होने वाली यह यात्रा नारायणपुर से कन्हारगांव तक निकाली जाएगी।
तिरंगा यात्रा में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यात्रा के दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ युवाओं और आम नागरिकों में राष्ट्रभक्ति, देश के प्रति समर्पण तथा एकता और सद्भावना का संदेश दिया जाएगा।
तिरंगा यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर नम्रता जैन और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने निर्धारित मार्ग और कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हलामी मुंझमेटा, झारा, धौड़ाई और कन्हारगांव सहित अन्य चयनित स्थानों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई और पार्किंग सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित नोडल अधिकारियों को अपने दायित्वों का समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों और युवाओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
तिरंगा यात्रा के दौरान चयनित स्थानों पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। शहीदों की स्मृति को स्थायी रूप से याद रखने के लिए प्रत्येक चयनित स्थल पर संबंधित शहीद के नाम से एक पौधा भी लगाया जाएगा। इसके जरिए शहीदों के त्याग और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
तिरंगा यात्रा बाइक रैली के रूप में आयोजित होगी। इसे देखते हुए कलेक्टर और एसपी ने पूरे यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने जरूरत के अनुसार सड़क की मरम्मत और मार्ग को व्यवस्थित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। यात्रा मार्ग में आने वाले संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों का भी जायजा लिया गया, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, एसडीएम अभयजीत मंडावी, तहसीलदार छोटेडोंगर वेद प्रकाश साहू, जनपद पंचायत ओरछा के सीईओ अमित भाटिया, जनपद पंचायत नारायणपुर के सीईओ गुरमीत सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।