
छात्रावास में घुसा जहरीला सांप, 6 छात्राओं को डसा, 3 की मौत
गढ़चिरौली के जपटलाई शासकीय कन्या छात्रावास में आधी रात हुई दर्दनाक घटना, तीन छात्राओं की हालत गंभीर
पखांजूर। छत्तीसगढ़ सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। धनोरा तहसील के जपटलाई स्थित शासकीय कन्या छात्रावास में आधी रात जहरीला सांप घुस गया। छात्रावास में सो रही छह छात्राओं को सांप ने डस लिया। घटना के बाद सभी छात्राओं को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीन छात्राओं की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि छात्राएं रात में छात्रावास के कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान जहरीला सांप परिसर के अंदर पहुंच गया और सो रही छात्राओं को डस लिया। सांप के काटने के बाद छात्रावास में अफरा तफरी मच गई। छात्रावास प्रबंधन और स्थानीय लोगों की मदद से सभी प्रभावित छात्राओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान तीन छात्राओं ने दम तोड़ दिया। वहीं तीन अन्य छात्राओं का गढ़चिरौली अस्पताल में उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। छात्रावास में जहरीला सांप कैसे पहुंचा और घटना के बाद छात्राओं की सुरक्षा को लेकर क्या व्यवस्थाएं थीं, इसे लेकर भी जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद छात्राओं और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है। प्रशासन की ओर से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।