
बस्तर आए हैं तो विकास और रोजगार का ठोस काम देकर जाएं : राकेश उसेंडी
केंद्रीय पर्यटन मंत्री के बस्तर दौरे पर जिला पंचायत सदस्य ने रखी क्षेत्र की समस्याएं और मांगें
संवाददाता बोधन नाग
बस्तर। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 08 छोटेडोंगर के सदस्य राकेश उसेंडी ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री के बस्तर दौरे का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास और स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बस्तर का दौरा तभी सार्थक होगा, जब यहां की वास्तविक समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल की जाए।
राकेश उसेंडी ने कहा कि बस्तर प्राकृतिक संपदा से समृद्ध क्षेत्र है। यहां जल, जंगल और जमीन स्थानीय लोगों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। लगातार हो रही पेड़ों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों को हो रहे नुकसान को गंभीरता से लेने की जरूरत है। पर्यावरण संरक्षण के साथ क्षेत्र में विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी सरकार को विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने केंद्रीय पर्यटन मंत्री से आग्रह किया कि बस्तर प्रवास के दौरान क्षेत्र की जमीनी परिस्थितियों को देखें और स्थानीय लोगों की जरूरतों को समझें। पर्यटन के क्षेत्र में ऐसी योजनाएं तैयार की जाएं, जिनका सीधा लाभ बस्तर के युवाओं, ग्रामीणों और स्थानीय समुदाय को मिल सके।
राकेश उसेंडी ने कहा कि बस्तर में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यहां के प्राकृतिक स्थल, संस्कृति, परंपरा और आदिवासी जीवन देश और दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित कर सकते हैं। इसके लिए पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाएं, सड़क, बिजली, पानी, आवास और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि केवल बस्तर आकर दौरा करने या फोटो खिंचाने से आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। केंद्रीय पर्यटन मंत्री बस्तर आए हैं तो क्षेत्र के लिए विकास, पर्यटन और रोजगार से जुड़ी कुछ ऐसी ठोस योजनाएं देकर जाएं, जिनका लाभ आने वाले समय में स्थानीय लोगों को मिल सके।
जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि यदि पर्यटन को स्थानीय लोगों की भागीदारी के साथ विकसित किया जाए तो इससे बस्तर की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकते हैं। साथ ही बस्तर की प्राकृतिक और सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया में नई पहचान मिल सकती है।