CG: अबूझमाड़ के अंदरूनी क्षेत्रों में बाहरी लोगों की आवाजाही पर जिला पंचायत सदस्य ने जताई चिंता

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से की बाहरी व्यक्तियों के आवागमन और दस्तावेजों की जांच की मांग

अबूझमाड़ के अंदरूनी क्षेत्रों में बाहरी लोगों की आवाजाही पर जिला पंचायत सदस्य ने जताई चिंता

 

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से की बाहरी व्यक्तियों के आवागमन और दस्तावेजों की जांच की मांग

संवाददाता – बोधन नाग 

नारायणपुर। अबूझमाड़ और नारायणपुर जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की बढ़ती आवाजाही को लेकर जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 08 छोटेडोंगर के सदस्य राकेश उसेंडी ने चिंता जताई है। उन्होंने इस संबंध में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को अवगत कराते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

 

जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान सहित अन्य राज्यों से कुछ लोग मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहनों के जरिए नारायणपुर जिले के अंदरूनी इलाकों तथा अबूझमाड़ क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ स्थानों पर ऐसे लोगों द्वारा टेंट लगाकर अस्थायी रूप से रहने की बात भी सामने आई है।

 

राकेश उसेंडी ने कहा कि अबूझमाड़ और जिले के अन्य संवेदनशील अंदरूनी क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों के आवागमन और उनके ठहरने की उचित जांच एवं पहचान होना जरूरी है। प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि क्षेत्र में आने वाले लोगों के दस्तावेज और उनकी गतिविधियां नियमों के अनुरूप हैं या नहीं।

 

उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी व्यक्ति के दस्तावेजों में कमी या गतिविधियों में किसी तरह की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि बाहरी लोगों की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ऐसे में बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह स्पष्ट किया जाना आवश्यक है कि बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोग अंदरूनी इलाकों में किस उद्देश्य से पहुंच रहे हैं और वहां कितने समय से रह रहे हैं।

 

राकेश उसेंडी ने उपमुख्यमंत्री से मांग की है कि नारायणपुर जिले और अबूझमाड़ के अंदरूनी क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों के आवागमन, निवास और दस्तावेजों का व्यापक सत्यापन कराया जाए। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी राज्य, समुदाय या वर्ग विशेष के लोगों के खिलाफ नहीं है। इसका उद्देश्य क्षेत्र की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और आम जनता के हित में निष्पक्ष सत्यापन एवं जांच सुनिश्चित करना है।

Exit mobile version