CG: सावधान! भाजपा जिला अध्यक्ष का नंबर हैक कर परिचितों से मांगे गए 35 हजार, एसपी ने जारी की चेतावनी

नारायणपुर में हाई-प्रोफाइल साइबर ठगी, भाजपा जिला अध्यक्ष का व्हाट्सएप हैक,

 

दंडकारण्य दर्पण

 

भाजपा जिला अध्यक्ष का व्हाट्सएप हैक, परिचितों से 35 हजार रुपये मांगने का प्रयास

नारायणपुर में साइबर ठगी की बड़ी कोशिश, एसपी संदीप पटेल ने लोगों से सतर्क रहने की अपील, एफआईआर दर्ज

 

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में साइबर अपराधियों ने भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती संध्या पवार के व्हाट्सएप नंबर को हैक कर उनके परिचितों से पैसों की मांग करने का प्रयास किया। हैकर्स ने उनके नाम से कई लोगों को संदेश भेजकर तत्काल 35 हजार रुपये ऑनलाइन भेजने की बात कही। संदेश में दावा किया गया कि उनका यूपीआई काम नहीं कर रहा है और शाम तक पूरी राशि वापस कर दी जाएगी।

व्हाट्सएप पर आए इन संदेशों से उनके परिचित और भाजपा कार्यकर्ता हैरान रह गए। कुछ लोगों ने सहायता करने की सहमति भी जताई, लेकिन कई लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए सीधे संध्या पवार से फोन पर संपर्क किया। इसके बाद पता चला कि उनका व्हाट्सएप नंबर हैक हो चुका है और साइबर ठग उनके नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं।

 

मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा जिला अध्यक्ष ने छोटेडोंगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही संबंधित नंबर को सुरक्षित कराने और हैकर्स की पहचान करने की कार्रवाई जारी है।

 

नारायणपुर पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए दंडकारण्य दर्पण से बातचीत में जिलेवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाले मैसेज, व्हाट्सएप संदेश या फोन कॉल पर बिना पुष्टि किए विश्वास न करें। किसी भी प्रकार के लिंक, फाइल या पैसों की मांग वाले संदेश पर तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचें। पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर पूरी जानकारी की पुष्टि करें, उसके बाद ही कोई कार्रवाई करें।

 

एसपी ने कहा कि बिना जांच-पड़ताल के किसी भी खाते में पैसे भेजना या संदिग्ध संदेश खोलना आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है। उन्होंने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और साइबर टीम तकनीकी जांच में जुटी हुई है। पुलिस को उम्मीद है कि घटना में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

 

नारायणपुर में सामने आई यह घटना इस बात का संकेत है कि साइबर अपराधी अब दूरस्थ क्षेत्रों और आम लोगों को भी निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें और डिजिटल माध्यमों का उपयोग पूरी सावधानी के साथ करें।

Exit mobile version