CG: नारायणपुर-ओरछा मार्ग पर यात्री बस की टक्कर से छात्र घायल, चालक-परिचालक फरार

दंडकारण्य दर्पण

 

नारायणपुर-ओरछा मार्ग पर यात्री बस की टक्कर से छात्र घायल, चालक-परिचालक फरार

संवाददाता- बोधन नाग 

छोटेडोंगर, नारायणपुर। नारायणपुर-ओरछा मुख्य मार्ग पर कुम्हारपारा बड़गांव के पास बुधवार को एक यात्री बस की चपेट में आने से एक छात्र घायल हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को छोटेडोंगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत सामान्य बताई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बस चालक और परिचालक वाहन छोड़कर फरार हो चुके थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

 

सड़क निर्माण में लापरवाही पर ग्रामीणों का आक्रोश

 

दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि आमदई से पल्ली तक सीसी सड़क का निर्माण कार्य जारी है, लेकिन निर्माण एजेंसी की ओर से वाहनों के आवागमन के लिए कोई सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं कराया गया है।

 

ग्रामीणों के अनुसार मुख्य मार्ग पर निर्माण कार्य के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाती, तो ऐसे हादसों से बचा जा सकता था।

 

सुरक्षित डायवर्जन की मांग

 

ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण कार्य की निगरानी बढ़ाने, जिम्मेदारों पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक मार्ग तैयार कराने की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार चालक एवं परिचालक की तलाश जारी है।

Exit mobile version