
केंद्र से छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात, विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार
रायपुर, 2 अगस्त। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को अग्रिम कर हस्तांतरण के रूप में 3,602 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इस निर्णय का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वागत करते हुए कहा कि इससे राज्य में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारी संघवाद की भावना को और मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार राज्यों की वित्तीय क्षमता को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी निर्णय ले रही है। अग्रिम कर हस्तांतरण से राज्य सरकार को विकास योजनाओं के संचालन में आवश्यक वित्तीय सहयोग मिलेगा, जिससे विभिन्न विभागों की परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस अतिरिक्त राशि का लाभ सड़क निर्माण, सिंचाई परियोजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में मिलेगा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में चल रही अधोसंरचना परियोजनाओं को भी इससे गति मिलेगी, जिससे आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। केंद्र से प्राप्त यह वित्तीय सहायता प्रदेश के समग्र विकास और आर्थिक गतिविधियों को और मजबूत बनाएगी। इससे रोजगार सृजन, आधारभूत ढांचे के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार का यह सहयोग छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा देने वाला साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय से प्रदेश के विकास का अभियान और अधिक तेज़ी से आगे बढ़ेगा।