
सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्ष पर नारायणपुर में निबंध, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित, 170 विद्यार्थियों ने लिया भाग
नारायणपुर, 1 अगस्त 2026। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर नारायणपुर पुलिस द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत शनिवार को डीआरजी ट्रेनिंग एरिना में निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के शासकीय और निजी विद्यालयों की कक्षा 6वीं से 12वीं तक के करीब 170 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान, राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत की भावना से परिचित कराना था। साथ ही विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने निबंध लेखन, चित्रकला और वाद-विवाद के माध्यम से सरदार पटेल के विचारों, आदर्शों और राष्ट्रीय एकता के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में संस्कार गुप्ता ने प्रथम, कृतज्ञा निषाद ने द्वितीय और डिम्पल नाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निबंध प्रतियोगिता में अमित कुमार वड्डे प्रथम, संतलाल पोटाई द्वितीय तथा फरहत परवीन तृतीय स्थान पर रहे।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने प्रथम, स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश स्कूल सिंगोड़ीतरई ने द्वितीय और स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश स्कूल महावीर चौक ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने विजेता प्रतिभागियों को शील्ड और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को भी सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
नारायणपुर पुलिस द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर 2026 तक जिलेभर में शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है।