
*बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुँचे वन मंत्री केदार कश्यप, राहत सामग्री एवं सहायता राशि का किया वितरण*
*संकट की घड़ी में सरकार आपके साथ: पालकी में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिले मंत्री केदार कश्यप*
नारायणपुर। वनमंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर जिले के पालकी ग्राम पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने प्रभावित परिवारों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी ली तथा उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर मंत्री कश्यप ने राहत एवं सहायता के रूप में प्रभावित परिवारों को सहायता राशि के चेक एवं कंबलों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय पीड़ित परिवारों को त्वरित राहत उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राहत सामग्री एवं आवश्यक सहायता प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर पहुंचे।
मंत्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार आपदा प्रभावित लोगों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। सरकार का प्रयास प्रभावित परिवारों के जीवन को जल्द से जल्द सामान्य स्थिति में लाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य जरूरी सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जाएं तथा जिन परिवारों को अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभ पहुंचाया जाए।
मंत्री कश्यप ने प्रभावित परिवारों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। प्रत्येक जरूरतमंद तक राहत पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है।राज्य सरकार हर प्रभावित नागरिक को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।