
ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 2026: नारायणपुर से सैनिकों के लिए भेजे जाएंगे 4389 रक्षा सूत्र
नारायणपुर। रक्षा बंधन के पावन पर्व पर भारतीय सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को समर्पित “ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 2026” के तहत नारायणपुर जिले में आयोजित अभियान को उत्साहजनक सफलता मिली। जिले के विभिन्न स्कूलों की छात्राओं और महिलाओं ने मिलकर निर्धारित 3000 रक्षा सूत्र के लक्ष्य को पार करते हुए कुल 4389 रक्षा सूत्र तैयार किए, जिन्हें देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक भेजा जाएगा।
इस अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नारायणपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के 13 विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रधान पाठक, जिला मिशन समन्वयक डी.बी. रावते तथा भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष उपस्थित रहीं। सभी ने एकत्रित रक्षा सूत्रों को सैनिकों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
अभियान में सबसे अधिक योगदान पोर्टा केबिन आवासीय विद्यालय देवगांव ने 1000 रक्षा सूत्र तैयार कर दिया। इसके अलावा बालिका बुनियादी शाला गरांजी ने 800, कस्तूरबा आवासीय विद्यालय नारायणपुर और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दौड़ाई ने 500-500 रक्षा सूत्र तैयार किए। अन्य विद्यालयों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई, जिससे कुल संख्या 4389 तक पहुंची।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष ने कहा कि बच्चों द्वारा अपने सैनिक भाइयों के लिए राखियां तैयार करना देशभक्ति और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पहल नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करेगी।
विद्यालयों के प्राचार्यों ने भी विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान बच्चों में सामाजिक दायित्व, राष्ट्रीय चेतना और भारतीय संस्कारों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्षा सूत्रों को विधिवत संकलित कर भारतीय सैनिकों तक भेजने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। यह अभियान नारायणपुर जिले की ओर से देश की सुरक्षा में जुटे जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव व्यक्त करने का एक प्रेरणादायक प्रयास माना जा रहा है।