CG: बंधवा तालाब का पानी सड़क पर आया, मुख्य मार्ग घंटों रहा बाधित, पानी निकासी के लिए डिवाइडर तोड़ा गया

बंधवा तालाब का पानी सड़क पर आया, मुख्य मार्ग घंटों रहा बाधित, पानी निकासी के लिए डिवाइडर तोड़ा गया

दंडकारण्य दर्पण 

नारायणपुर, 31 जुलाई 2026

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नारायणपुर स्थित बंधवा तालाब का जलस्तर इतना बढ़ गया कि पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य सड़क पर आ गया। देखते ही देखते सड़क पर लबालब पानी भर गया, जिससे शहर का मुख्य मार्ग पूरी तरह प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थिति गंभीर होने पर जिला प्रशासन और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। जलभराव कम करने और यातायात बहाल करने के लिए मुख्य सड़क के डिवाइडर को तोड़कर तालाब का पानी दूसरी ओर निकाला गया। इसके बाद धीरे-धीरे सड़क से पानी का स्तर कम हुआ और यातायात सामान्य होने लगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार बारिश के कारण बंधवा तालाब अपनी क्षमता से अधिक भर गया था, जिससे अतिरिक्त पानी सीधे सड़क पर बहने लगा। कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

Exit mobile version