CG: अबूझमाड़ में मूसलाधार बारिश से पैरामिलिट्री कैंप जलमग्न, जवानों ने टीन की छत और पेड़ों पर चढ़कर बचाई जान

दंडकारण्य दर्पण
अबूझमाड़ में मूसलाधार बारिश से पैरामिलिट्री कैंप जलमग्न, जवानों ने टीन की छत और पेड़ों पर चढ़कर बचाई जान

नारायणपुर। अबूझमाड़ क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ सुरक्षा बलों की तैनाती को भी गंभीर चुनौती के सामने खड़ा कर दिया है। जानकारी के अनुसार बालेबेड़ा स्थित पैरामिलिट्री कैंप में अचानक बाढ़ का पानी घुस जाने से पूरा कैंप जलमग्न हो गया।

बताया जा रहा है कि पानी इतनी तेजी से कैंप में दाखिल हुआ कि ड्यूटी पर मौजूद जवानों को सुरक्षित स्थान पर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका। जान बचाने के लिए कई जवान कैंप की टीन की छत पर चढ़ गए, जबकि कुछ जवानों ने पेड़ों का सहारा लेकर खुद को सुरक्षित रखा।

घटना के दौरान जवानों द्वारा बनाया गया एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में चारों ओर फैला बाढ़ का पानी और टीन की छत पर बैठे जवान दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य अबूझमाड़ जैसे दुर्गम और वन क्षेत्र में तैनात सुरक्षा बलों के सामने आने वाली कठिन परिस्थितियों को बयां करता है।

अबूझमाड़ में हर वर्ष मानसून के दौरान लगातार बारिश, उफनते नदी-नाले और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती बन जाती हैं। इसके बावजूद जवान प्रतिकूल मौसम में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहते हैं।

हालांकि, इस घटना को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। 

Exit mobile version