CG: वन मंत्री केदार कश्यप की पहल, रायपुर के सभी 70 वार्डों में मिलेगा निःशुल्क पौधा

'नेचर्स एटीएम' के माध्यम से घर-घर पहुंचेगा पौधा, 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान को मिला नया विस्तार

 

 

दंडकारण्य दर्पण

रायपुर, 29 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की परिकल्पना ‘हरियर छत्तीसगढ़’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए वन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर रायपुर शहर के सभी 70 वार्डों में ‘नेचर्स एटीएम’ के माध्यम से निःशुल्क पौधा वितरण अभियान शुरू किया गया है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने नया रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से ‘नेचर्स एटीएम’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रायपुर वनमंडल द्वारा संचालित यह चलित वाहन शहर के प्रत्येक वार्ड तक पहुंचकर नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएगा। अभियान का संचालन प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

 

अभियान के तहत फलदार, छायादार तथा अधिक ऑक्सीजन देने वाली विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।

 

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पेड़-पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि माँ के सम्मान में लगाया गया एक पौधा मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक है। ‘नेचर्स एटीएम’ जैसी पहल से हरियाली आम लोगों तक पहुंचेगी और रायपुर को अधिक हरित, स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

 

कार्यक्रम में वन विभाग एवं रायपुर वनमंडल के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे ‘नेचर्स एटीएम’ से निःशुल्क पौधे प्राप्त करें, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ें और हरियर छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Exit mobile version