CG: धौड़ाई में मानवता की मिसाल: मूसलाधार बारिश के बीच फंसे यात्रियों के लिए सरपंच सोमेश नेताम बने सहारा

धौड़ाई में मानवता की मिसाल: मूसलाधार बारिश के बीच फंसे यात्रियों के लिए सरपंच सोमेश नेताम बने सहारा

संवाददाता- बोधन नाग 

धौड़ाई, नारायणपुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने क्षेत्र में जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। भारी वर्षा के चलते माड़ीन नदी और पोरीया नाला उफान पर हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। कई यात्री और राहगीर रास्ते में ही फंस गए हैं और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ऐसे कठिन समय में ग्राम पंचायत धौड़ाई के सरपंच सोमेश नेताम ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए राहत कार्य की जिम्मेदारी स्वयं संभाली। उन्होंने नालों के दोनों ओर फंसे यात्रियों के लिए नि:शुल्क भोजन, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था कराई, ताकि किसी भी व्यक्ति को बारिश और भूख के बीच परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

सरपंच सोमेश नेताम लगातार मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। पंचायत की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जलस्तर सामान्य होने तक सभी जरूरतमंदों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उनके इस त्वरित और मानवीय प्रयास की स्थानीय ग्रामीणों तथा यात्रियों ने सराहना की है।

 

सरपंच सोमेश नेताम ने कहा कि जब तक नाले का जलस्तर कम नहीं हो जाता और आवागमन पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक किसी भी यात्री को असुविधा नहीं होने दी जाएगी। पंचायत प्रशासन हरसंभव सहायता के लिए पूरी तरह तैयार है।

 

बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए पंचायत ने लोगों से अपील की है कि वे उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। सावधानी ही इस समय सबसे बड़ा बचाव है।

Exit mobile version