
नारायणपुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल मजबूत करने की दिशा में सुरक्षा बलों को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना धनोरा क्षेत्र के ग्राम तोयापारा में छत्तीसगढ़ पुलिस और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा निर्मित लकड़ी के स्मारक को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई 28 जुलाई को नक्सल मुक्ति के बाद क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष सर्च अभियान के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, धनोरा थाना क्षेत्र के तोयापारा गांव में छत्तीसगढ़ पुलिस एवं आईटीबीपी की 45वीं वाहिनी की संयुक्त टीम नियमित सर्च अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नक्सलियों द्वारा बनाया गया लकड़ी का स्मारक चिन्हित किया गया, जिसे मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के स्मारक नक्सली संगठन अपने प्रभाव, प्रचार-प्रसार और स्थानीय स्तर पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाए रखने के उद्देश्य से तैयार करते हैं। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सली प्रभाव को कमजोर करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नारायणपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार प्रभावी ढंग से जारी रहेगा। सुरक्षा बल नक्सली संगठन के प्रभाव और उसके प्रतीकों को समाप्त कर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण स्थापित करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी को नक्सली गतिविधियों से संबंधित कोई भी जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या सुरक्षा बलों को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।