CG: एसपी संदीप कुमार पटेल ने पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली, तकनीक आधारित पुलिसिंग और माड़ मैत्री अभियान पर दिया जोर

एसपी संदीप कुमार पटेल ने पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली, तकनीक आधारित पुलिसिंग और माड़ मैत्री अभियान पर दिया जोर

नारायणपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों और राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

 

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने बेसिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी थाने अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई, बेहतर कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों से सकारात्मक संवाद को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने थाना स्तर पर अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और नियमित अद्यतन के निर्देश भी दिए।

 

समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर प्राप्त शिकायतों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण, साइबर अपराधों की प्रभावी जांच तथा पीड़ितों को समय पर राहत उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

 

पुलिस अधीक्षक ने मर्ग प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, मेडलेपार (MedLeaPR) के माध्यम से मर्ग एवं मुलाहिजा प्रकरणों का शत-प्रतिशत ऑनलाइन पंजीयन तथा ई-प्रॉसिक्यूशन प्रणाली के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए सभी मामलों में ई-साक्ष्य के माध्यम से जब्ती, घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों का डिजिटल संकलन सुनिश्चित करने को कहा।

 

बैठक में ई-मालखाना प्रणाली की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को जब्त संपत्तियों और मालखाना अभिलेखों का शत-प्रतिशत डिजिटलीकरण एवं नियमित अद्यतन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि साक्ष्यों का सुरक्षित संधारण और न्यायालयीन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बन सके।

 

इसके अलावा लंबित अपराधों, शिकायतों के निराकरण, विवेचना की प्रगति, वारंट एवं समंस की तामील, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

समीक्षा बैठक में सामुदायिक पुलिसिंग अभियान माड़ मैत्री की प्रगति पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करने के लिए गांवों में चौपाल, जनजागरूकता अभियान, खेलकूद, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाए, ताकि समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण और सशक्त हो।

 

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने, तकनीक आधारित अनुसंधान को बढ़ावा देने तथा आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।

Exit mobile version