
दंडकारण्य दर्पण
रायपुर, 29 जुलाई।
रायपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय के सामने सड़क पर स्टंट करते हुए और अश्लीलता फैलाने वाली रील बनाने के आरोप में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो की तत्काल जांच की गई, जिसके बाद आरोपी की पहचान भीमेश देवांगन के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने सार्वजनिक सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाते हुए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की।
मामले में राखी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 154/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट करना, यातायात नियमों का उल्लंघन करना और अश्लील या आपत्तिजनक रील बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए कानून और यातायात नियमों की अनदेखी न करें। सुरक्षित यातायात और सामाजिक मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।