CG: पुलिस का जज़्बा ही सुरक्षित, शांत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

 

 

दंडकारण्य दर्पण

 

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और सुशासन की सबसे मजबूत आधारशिला है। पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं और उनका सम्मान पूरे समाज का सम्मान है।

मुख्यमंत्री रायपुर के शांति नगर स्थित एक निजी सभागार में आयोजित ‘जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके समर्पण, साहस और सेवा भावना की सराहना की।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल अधिकार का नहीं, बल्कि त्याग, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सेवा का प्रतीक है। कठिन परिस्थितियों में भी पुलिसकर्मी जिस निष्ठा से अपने दायित्व निभाते हैं, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।

 

उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव का विशेष उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने 199 किलोग्राम भार उठाकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि पुलिस बल के जवान सेवा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने इसे प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बताया।

 

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में पुलिस की भूमिका को बताया ऐतिहासिक

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक नक्सलवाद ने बस्तर के विकास को प्रभावित किया, लेकिन अब बस्तर विकास, विश्वास और बदलाव के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने इस परिवर्तन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति तथा राज्य पुलिस और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस को दिया।

 

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध यह संघर्ष केवल सुरक्षा का नहीं, बल्कि लोकतंत्र, विकास और मानवता की रक्षा का अभियान था। पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में अपने प्राणों की परवाह किए बिना अभियान चलाकर प्रदेश को भयमुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

 

घायल जवानों के साहस को किया नमन

 

मुख्यमंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अस्पतालों में भर्ती घायल जवानों से मुलाकात के दौरान उन्होंने देखा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उनके मनोबल में कोई कमी नहीं थी। अधिकांश जवान स्वस्थ होते ही फिर से मोर्चे पर लौटने का संकल्प व्यक्त करते थे। उन्होंने कहा कि यही जज़्बा आज छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत बन गया है।

 

सकारात्मक पत्रकारिता की सराहना

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिस के उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों को समाज तक पहुंचाने से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और युवाओं को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती है। सकारात्मक पत्रकारिता समाज में विश्वास और उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करती है।

 

डीजीपी ने भी की पहल की सराहना

 

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान किया जाना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज की अपेक्षाओं को सामने लाने का प्रभावी माध्यम है और इससे पुलिस व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी बनाने में मदद मिलती है। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का श्रेय पुलिस बल के साहस, अनुशासन और समर्पण को दिया।

 

उत्कृष्ट पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मिला सम्मान

 

‘जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ के तहत सामुदायिक पुलिसिंग, नवाचार, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता, ई-मालखाना प्रबंधन, पिंक पेट्रोल, अनुसंधान एवं अन्वेषण तथा नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार आर. कृष्णा दास, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Exit mobile version