
ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में जीता रजत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई
रायपुर, 27 जुलाई 2026। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली खिलाड़ी और राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की यह सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विश्व मंच पर हासिल की गई यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के दम पर यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और मेहनत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं और हर संभव प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा सकें।
मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आने वाले वर्षों में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व स्तर पर रोशन करती रहेंगी।