CG: राष्ट्रपति से सौजन्य मुलाकात के लिए रवाना हुए मांझी चालकी और बस्तर पंडुम के विजेता

नगरपालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, बस्तर की सांस्कृतिक विरासत का करेंगे प्रतिनिधित्व

 

 

दंडकारण्य दर्पण

 

नारायणपुर। जिले के मांझी चालकी एवं बस्तर पंडुम के विजेताओं का दल राष्ट्रपति से सौजन्य मुलाकात के लिए सोमवार को रवाना हुआ। नगरपालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल ने कहा कि यह नारायणपुर और पूरे बस्तर क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि मांझी चालकी और बस्तर पंडुम जैसे आयोजन बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान यह दल बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर का प्रभावी परिचय देगा।

 

बस्तर की संस्कृति का करेंगे राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व

 

राष्ट्रपति से सौजन्य भेंट के लिए रवाना हुए दल में बस्तर पंडुम के जनजातीय आभूषण विद्या के विजेता मुंगड़ी कोर्राम और सुदनी दुग्गा शामिल हैं। इसके अलावा एड़का परगना के मांझी राजाराम, करंगाल परगना के मांझी सुधवाराम करंगा, गोटाली परगना के मांझी मंगतूराम ध्रुव, नूरदेश परगना के मांझी गुड्डू पोटाई तथा करंगाल परगना के चालकी सोमारू राम भी दल का हिस्सा हैं।

 

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

 

दल के रवाना होने के अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष पिंकी उसेण्डी, माड़िया समाज के अध्यक्ष रामजी ध्रुव, कलेक्टर नम्रता जैन, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त सुनील सोनपिपरे सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को सफल एवं मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह दल राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व करेगा।

Exit mobile version