
दंडकारण्य दर्पण
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सल विरोधी अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को नारायणपुर में अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों राज्यों के पुलिस और सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने वर्तमान सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करते हुए संयुक्त रणनीति, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और समन्वित कार्रवाई को मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (नक्सल विरोधी अभियान) छत्तीसगढ़ विवेकानंद, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्पेशल ऑप्स महाराष्ट्र डॉ. छेरिंग दोरजे, संयुक्त निदेशक इंटेलिजेंस ब्यूरो तथा विशेष पुलिस महानिरीक्षक नागपुर रेंज महाराष्ट्र संदीप पाटिल शामिल हुए।
वहीं नारायणपुर में आयोजित बैठक में पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बी.एन. मीणा, पुलिस अधीक्षक गढ़चिरौली एम. रमेश, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राकेचा, पुलिस अधीक्षक नारायणपुर संदीप कुमार पटेल, पुलिस अधीक्षक बीजापुर उमेश गुप्ता सहित दोनों राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
सीमावर्ती इलाकों में संयुक्त अभियान पर बनी सहमति
बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संयुक्त नक्सल विरोधी अभियानों को और प्रभावी बनाने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, समन्वित कार्रवाई और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखते हुए प्रभावी रणनीति के साथ वामपंथी उग्रवाद के विरुद्ध अभियान तेज करने पर चर्चा की गई।
बेहतर समन्वय और पेशेवर कार्यशैली पर दिया गया जोर
वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल, निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन और पेशेवर कार्यशैली अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उपलब्ध खुफिया सूचनाओं के आधार पर त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जनसहयोग से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था
बैठक में यह भी कहा गया कि जनसहयोग और मजबूत खुफिया तंत्र के माध्यम से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के वातावरण को और सुदृढ़ किया जाएगा। अधिकारियों ने अंतर्राज्यीय समन्वय को लगातार बनाए रखते हुए संयुक्त प्रयासों से नक्सल विरोधी अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।