
दंडकारण्य दर्पण
नारायणपुर। जिला पंचायत नारायणपुर द्वारा ग्राम पंचायत सचिव के नवीन स्वीकृत पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत प्राप्त आवेदनों की जांच पूरी कर पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। भर्ती के लिए 20 जून 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसके तहत कुल 765 आवेदन प्राप्त हुए थे।
जिला पंचायत द्वारा गठित समिति ने सभी आवेदनों का परीक्षण करने के बाद पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की अंतिम प्रारंभिक सूची तैयार कर प्रकाशित कर दी है।
3 अगस्त शाम 5 बजे तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
जारी सूची के संबंध में अभ्यर्थियों से 3 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे तक दावा एवं आपत्ति आमंत्रित की गई है। अभ्यर्थी अपना आवेदन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत नारायणपुर के नाम स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड डाक, ई-मेल या स्वयं जिला पंचायत कार्यालय में उपस्थित होकर जमा कर सकते हैं।
निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त किसी भी दावा या आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
वेबसाइट और सूचना पटल पर उपलब्ध है सूची
पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जिला नारायणपुर की आधिकारिक वेबसाइट तथा जिला पंचायत और संबंधित जनपद पंचायतों के सूचना पटल पर उपलब्ध करा दी गई है। अभ्यर्थी सूची का अवलोकन कर समय सीमा के भीतर आवश्यक दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।