CG: नारायणपुर में सुरक्षा और नक्सल विरोधी रणनीति पर मंथन, यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट ऑपरेशनल कमांड की बैठक संपन्न

नारायणपुर में सुरक्षा और नक्सल विरोधी रणनीति पर मंथन, यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट ऑपरेशनल कमांड की बैठक संपन्न

 

दंडकारण्य दर्पण

 

नारायणपुर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा नक्सल विरोधी अभियानों की रणनीति की समीक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट ऑपरेशनल कमांड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (आईपीएस) ने की।

बैठक में जिले की वर्तमान सुरक्षा स्थिति, आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति, सुरक्षा बलों के बीच समन्वय, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान, विभिन्न सुरक्षा शिविरों की आवश्यकताओं तथा मानसून के दौरान अभियान संचालन की तैयारियों की समीक्षा की।

 

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि संयुक्त सुरक्षा अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण कायम रहे। साथ ही आम जनता का विश्वास मजबूत करने और विकास कार्यों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक रणनीति तैयार की गई।

 

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल, त्वरित सूचना साझा करने और योजनाबद्ध संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए सभी सुरक्षा बलों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा। मानसून के दौरान संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने, परिचालन क्षमता को प्रभावित न होने देने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए।

 

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अक्षय साबद्रा और ऐश्वर्य चंद्राकर, उप पुलिस अधीक्षक लोकेश बंसल, मनोज मंडावी, अविनाश कंवर, आशीष नेताम और अमृता पैंकरा सहित विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रतिनिधि एवं 16वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version