
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सत्य साई ग्राम के सेवा मॉडल की सराहना की, शिक्षा-स्वास्थ्य में सहयोग बढ़ाने पर जोर
रायपुर, 24 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कर्नाटक के मुद्देनहल्ली स्थित सत्य साई ग्राम का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और मानवीय मूल्यों पर आधारित सेवा मॉडल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक सद्गुरु मधुसूदन साई से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में जनकल्याणकारी सेवाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना केवल आर्थिक विकास से पूरा नहीं होगा, बल्कि इसके लिए स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित समाज का निर्माण भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
बैठक में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, बच्चों के पोषण और मूल्य आधारित शिक्षा के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजसेवी संस्थाओं के अनुभव और नवाचार से सरकारी प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने रायपुर स्थित श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल की भी सराहना की, जहां बच्चों के हृदय रोग का पूरी तरह निःशुल्क इलाज और शल्य चिकित्सा की जाती है। उन्होंने अस्पताल के विस्तार, मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल की स्थापना तथा भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर भी चर्चा की।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मूल्य आधारित शिक्षा पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में 25 देशों के 100 से अधिक शिक्षकों और शिक्षाविदों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सेवा, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने श्री सत्य साई अन्नपूर्णा ट्रस्ट द्वारा संचालित साईश्योर न्यूट्रास्यूटिकल्स इकाई का भी निरीक्षण किया। यहां तैयार किए जा रहे मल्टी न्यूट्रिएंट हेल्थ मिक्स के माध्यम से देश के 25 राज्यों और चार केंद्रशासित प्रदेशों में लगभग एक करोड़ बच्चों तक पोषण सहायता पहुंचाई जा रही है। उन्होंने इस मॉडल को छत्तीसगढ़ के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अपनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संस्थान में छत्तीसगढ़ के करीब 300 युवाओं को नर्सिंग शिक्षा और प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिलने के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन भी तैयार हो रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ सरकार और वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के सहयोग से स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे सभी प्रयासों का समर्थन करती है, जो सेवा, संवेदना और सुशासन के माध्यम से समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करते हैं।