CG: नारायणपुर पुलिस का विशेष अभियान सफल, 59 गुम मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए

11.17 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मोबाइल बरामद, साइबर अपराधों से बचाव के लिए लोगों को किया जागरूक

दंडकारण्य दर्पण

 

 

 

नारायणपुर। जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए नारायणपुर पुलिस ने विशेष अभियान “निक मोबाइल इयाना” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल की टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 11 लाख 17 हजार रुपये से अधिक मूल्य के 59 गुम मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा, अजय कुमार और ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के दौरान साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार प्रयासों के माध्यम से गुम मोबाइलों का पता लगाया।

 

शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सभी बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने नारायणपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया और अभियान की सराहना की।

 

अभियान का संचालन उप पुलिस अधीक्षक एवं साइबर सेल के नोडल अधिकारी आशीष नेताम के पर्यवेक्षण में किया गया। इस कार्य में सहायक उप निरीक्षक राजकुमार शोरी, आरक्षक राजू बघेल, रामचंद्र यादव, संदीप चौहान, जयलाल पोटाई, सुमित नाग, कमलेश साहू, गंगाराम कोर्राम तथा साइबर वॉलंटियर्स अनुराग नाग, अंजलि नेताम और सुखपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

साइबर सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील

 

नारायणपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर जानकारी दर्ज कर निकटतम थाना या साइबर सेल से संपर्क करें। मोबाइल को मजबूत पासवर्ड और सुरक्षा फीचर्स से सुरक्षित रखें।

 

पुलिस ने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी या साइबर फ्रॉड होता है तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें और 24 घंटे के भीतर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

 

पुलिस ने आमजन से किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश से सतर्क रहने और साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

Exit mobile version