CG: रिश्तेदार महिला पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

रिश्तेदार महिला पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

 

नारायणपुर। जिले के ग्राम ताड़ोपाल में पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को नारायणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को थाना नारायणपुर में दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि ग्राम ताड़ोपाल निवासी जगदेव वड़डे (30 वर्ष) ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी रिश्तेदार महिला पर लकड़ी के डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घायल महिला का उपचार जिला अस्पताल नारायणपुर में जारी है।

 

प्रकरण में थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 69/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 109 के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई।

 

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी आरोपी के कब्जे से बरामद कर जब्त कर लिया।

 

23 जुलाई 2026 को आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

 

नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Exit mobile version