
पेपर लीक मामलों में बनेगी फास्ट ट्रैक कोर्ट, दोषियों को मिलेगी सख्त सजा
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देशभर में पेपर लीक के मामलों पर सख्ती दिखाते हुए इनके त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने का फैसला किया है। सरकार का कहना है कि युवाओं के हितों की रक्षा और उनके भविष्य को सुरक्षित रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सरकार के अनुसार, पेपर लीक से जुड़े मामलों में दोषियों को जल्द और कठोर सजा दिलाने के उद्देश्य से फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा। इस संबंध में संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सरकार का कहना है कि यह कदम विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा के लिए उठाए जा रहे लगातार प्रयासों की श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उद्देश्य यह है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भविष्य किसी भी प्रकार से प्रभावित न हो।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पेपर लीक जैसे मामलों में शामिल दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।