CG News: एसपी संदीप कुमार पटेल ने ओरछा थाना और संवेदनशील सुरक्षा कैंपों का किया औचक निरीक्षण

ई-मालखाना 2.0, सुरक्षा व्यवस्था और मानसून तैयारियों की समीक्षा, जवानों व ग्रामीणों के समन्वय की सराहना

नारायणपुर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने सोमवार को ओरछा थाना सहित जिले के कई संवेदनशील सुरक्षा कैंपों का आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, संसाधनों और मानसून तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना संचालन, ई-मालखाना 2.0 की कार्यप्रणाली, बैरकों की स्थिति तथा सुरक्षा कैंपों में उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने ओरछा थाना पहुंचकर अभिलेखों, शस्त्रागार, मालखाना, ई-मालखाना 2.0, सीसीटीएनएस, साफ-सफाई और कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जब्त संपत्तियों के डिजिटल रिकॉर्ड, बारकोड आधारित प्रबंधन और अभिलेखों को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही थाना स्टाफ को आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण, बेहतर संवाद और क्षेत्र में नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

थाना निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने एड़जूम, इद वाया, आदेर, कुड़मेल, जाटलूर, धोबे, डोडीमरका और पदमेटा स्थित सुरक्षा कैंपों का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरक निर्माण कार्यों की प्रगति, जनरेटर, बोरवेल, राशन और डीजल की उपलब्धता सहित मानसून के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

 

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा कैंपों में संचार उपकरण, सुरक्षा संसाधन और अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु में किसी भी प्रकार की परिचालन संबंधी समस्या उत्पन्न न हो तथा सभी आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

 

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने जवानों और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से विभिन्न नदियों और नालों पर लकड़ी एवं बांस से बनाई गई अस्थायी पुलियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इन पुलियों को सुरक्षा बल और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय तथा आपसी विश्वास का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए उनकी सराहना की। साथ ही मानसून के दौरान पुलियों का नियमित निरीक्षण और समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन बाधित न हो।

 

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा कैंपों में तैनात अधिकारियों और जवानों से चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी अनुशासन, सतर्कता और समन्वय के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करना आवश्यक है। उन्होंने दोहराया कि नारायणपुर जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा कैंपों को हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह तैयार और संसाधनयुक्त रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

दंडकारण्य दर्पण

Exit mobile version