
लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त मोहम्मद गनी पर जिला बदर की कार्रवाई, 6 जिलों से 3 माह के लिए निष्कासित
रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपी मोहम्मद गनी के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे तीन माह के लिए छह जिलों से जिला बदर कर दिया है। यह आदेश पुलिस कमिश्नर रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत जारी किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद गनी वर्ष 2016 से लगातार गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध मारपीट, जान से मारने की धमकी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट तथा जुआ अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कुल 18 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
आरोपी थाना टिकरापारा, रायपुर क्षेत्र का निवासी है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड और कानून-व्यवस्था पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के प्रावधानों के तहत यह जिला बदर कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।