CG News: विधानसभा परिसर से पर्यावरण संरक्षण और लोकतंत्र का संदेश, जनप्रतिनिधियों ने किया पौधरोपण, विद्यार्थियों ने देखी सदन की कार्यवाही

'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान के तहत मुख्यमंत्री सहित सभी विधायकों ने लगाए पौधे, शकुंतला विद्यालय के विद्यार्थियों ने संसदीय परंपराओं को करीब से जाना

दंडकारण्य दर्पण | रायपुर।

छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान सोमवार को विधानसभा परिसर पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान और लोकतांत्रिक जागरूकता का केंद्र बना रहा। एक ओर ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित सभी विधायकों ने पौधरोपण कर हरित छत्तीसगढ़ का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर भिलाई के शकुंतला विद्यालय के विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को निकट से समझा।

विधानसभा परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी माता के नाम पर रुद्राक्ष का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान आज जनभागीदारी का बड़ा अभियान बन चुका है। यह केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृ सम्मान, प्रकृति संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपनी मां के नाम पर पौधा लगाता है तो उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी आत्मीयता से निभाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि विधानसभा परिसर से शुरू हुआ यह संदेश पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा करेगा और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और जैव विविधता के क्षरण जैसी वैश्विक चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। राज्य सरकार वन संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने, जल संरक्षण और जनभागीदारी आधारित पर्यावरणीय अभियानों को लगातार बढ़ावा दे रही है। कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों ने अपनी माताओं के नाम पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

इसी दौरान विधानसभा परिसर लोकतंत्र की पाठशाला भी बना, जहां भिलाई स्थित शकुंतला विद्यालय के ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने दर्शक दीर्घा से प्रश्नकाल, विभिन्न विषयों पर चर्चा और संसदीय प्रक्रियाओं को देखा तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को समझा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की आकांक्षाओं को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सदन तक पहुंचाने की निरंतर प्रक्रिया है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली समझने और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

विद्यार्थियों ने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि पुस्तकों में पढ़ी गई संसदीय व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर उनके लिए अविस्मरणीय रहा। इससे लोकतंत्र, संविधान और जनप्रतिनिधियों की भूमिका के प्रति उनकी समझ और अधिक मजबूत हुई।

Exit mobile version