
दंडकारण्य दर्पण
नारायणपुर पुलिस द्वारा संचालित माड़ मैत्री अभियान के तहत युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा देने और पुलिस व आमजन के बीच विश्वास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को माड़ मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन जिले के चारों जोन नारायणपुर, बेनूर, छोटेडोंगर और कुतुल में एक साथ किया गया।
पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर से 70 से अधिक टीमों ने पंजीयन कराया है। प्रतियोगिता में 800 से अधिक खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता चारों जोनों में आयोजित की जा रही है। प्रत्येक जोन की शीर्ष चार टीमें जिला मुख्यालय में आयोजित राउंड ऑफ-16 के लिए क्वालीफाई करेंगी। इसके बाद सभी मुकाबले नॉकआउट प्रारूप में खेले जाएंगे और अंत में विजेता टीम को माड़ मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का चैंपियन घोषित किया जाएगा।
उद्घाटन दिवस पर सभी जोनों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। नारायणपुर जोन में पालकी ने परिसर को 1-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। बेनूर जोन में भिरागांव ने बेनूर को 2-0 से पराजित किया, जबकि शिरपुर ने कोरंडा को 1-0 और भाटपाल ने पुषपाल को 1-0 से हराकर जीत दर्ज की।
छोटेडोंगर जोन में उमरगांव ने पीएमटी ओरछा को 2-1 से मात देकर अगले चरण में जगह बनाई। वहीं कुतुल जोन के उद्घाटन मुकाबले में कुतुल ‘ए’ ने कुतुल ‘बी’ को 5-0 के बड़े अंतर से हराकर शानदार शुरुआत की।
नारायणपुर पुलिस के अनुसार माड़ मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना, उनकी खेल प्रतिभा को निखारना तथा उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है।
पुलिस विभाग ने बताया कि माड़ मैत्री अभियान के तहत जिले में समय-समय पर खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना तथा पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सहयोग को और अधिक मजबूत बनाना है।
दंडकारण्य दर्पण