
हेडलाइन
दंतेवाड़ा में नक्सलियों के गुप्त डंप का खुलासा, 18 लाख रुपये की संपत्ति और भारी मात्रा में हथियार-बारूद बरामद
आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर बारसूर के तोड़मा जंगल में कार्रवाई, सोने के बिस्कुट, नकदी, आधुनिक हथियार और विस्फोटक जब्त
ब्यूरो रिपोर्ट, दंतेवाड़ा।
दंतेवाड़ा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों की निशानदेही पर बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा गांव के घने जंगलों में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों के छिपाए गए कई गुप्त डंप बरामद किए गए। कार्रवाई में लगभग 18 लाख रुपये मूल्य की नकदी, सोना, हथियार और विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से मिली सटीक सूचना के आधार पर संयुक्त सुरक्षा बलों ने तोड़मा के पहाड़ी क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए डंप से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद हुआ।
बरामद सामग्री में लगभग 116 ग्राम सोने का बिस्कुट, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है, तथा 2 लाख रुपये नकद शामिल हैं। इसके अलावा एक इंसास राइफल, 16 इंसास मैगजीन, चार एके-47 मैगजीन, 68 कारतूस, 23 एसएलआर मैगजीन, 34 एसएलआर राउंड, पांच 12 बोर बंदूक, तीन बीजीएल लॉन्चर, छह टिफिन बम, 122 तीर बम, चार पाइप बम, देशी ग्रेनेड, मोर्टार, जिलेटिन, डेटोनेटर, रिवाल्वर, एयरगन, भरमार बंदूकें तथा बड़ी मात्रा में अन्य हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नक्सल संगठन की हथियार और विस्फोटक आपूर्ति को बड़ा झटका है। सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है और क्षेत्र में अन्य संभावित डंप की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
दंतेवाड़ा पुलिस ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे बस्तर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
दंडकारण्य दर्पण