CG News: बस्तर गोंचा महापर्व 2026 का निमंत्रण लेकर मुख्यमंत्री से मिले प्रतिनिधि, तुपकी चलाकर दी भगवान जगन्नाथ को प्रतीकात्मक सलामी

16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, मुख्यमंत्री ने महापर्व के सफल आयोजन के लिए दी शुभकामनाएं

 

रायपुर, 11 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शनिवार को उनके निवास कार्यालय में बस्तर गोंचा महापर्व आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात कर गोंचा महापर्व-2026 में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया और महापर्व के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बस्तर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा का सम्मान करते हुए भगवान श्री जगन्नाथ को पारंपरिक तुपकी चलाकर प्रतीकात्मक सलामी दी। यह परंपरा गोंचा महापर्व का प्रमुख आकर्षण मानी जाती है।

 

प्रतिनिधिमंडल ने जगदलपुर शहर में विद्युत तारों को भूमिगत किए जाने के राज्य सरकार के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उनका कहना था कि इससे शहर में विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान हुआ है और भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान होने वाली बाधाएं भी समाप्त हो गई हैं।

 

360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने बताया कि समाज अपनी 619 वर्ष पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष 29 जून से 25 जुलाई 2026 तक बस्तर के ऐतिहासिक गोंचा महापर्व का आयोजन कर रहा है। भगवान श्री 1008 जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को श्री जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर सिरहासार भवन (जनकपुरी) तक निकाली जाएगी, जहां महाप्रभु का प्रवास रहेगा।

 

इस दौरान वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, गोंचा महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष मुक्तेश पाण्डे सहित समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

 

दंडकारण्य दर्पण

Exit mobile version