CG News: छत्तीसगढ़ में AI तकनीक से होगी पीएमजीएसवाई सड़कों की निगरानी, हर महीने वीडियो सर्वे से होगी मरम्मत की तैयारी

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिए निर्देश, कल से हर जिले में एक सड़क पर शुरू होगा AI आधारित पायलट प्रोजेक्ट

 

रायपुर, 10 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनी ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का सहारा लेने जा रही है। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत तथा ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को AI आधारित सड़क निरीक्षण प्रणाली को जल्द लागू करने के निर्देश दिए हैं।

नई व्यवस्था के तहत प्रदेश की सभी पीएमजीएसवाई सड़कों का हर महीने वीडियो आधारित निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए विशेष AI आधारित मोबाइल ऐप और डैशबोर्ड तैयार किया गया है। यह तकनीक सड़क पर मौजूद गड्ढों, दरारों और अन्य क्षतियों की स्वतः पहचान कर उनकी वास्तविक स्थिति का विश्लेषण करेगी, जिससे निरीक्षण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बनेगी।

 

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि AI से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सबसे अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता देते हुए उनके रखरखाव और मरम्मत की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इससे बजट का बेहतर उपयोग होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम बन सकेगा।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस नई व्यवस्था की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शनिवार से प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक चयनित सड़क पर की जाए। प्रारंभिक परिणामों का विश्लेषण करने के बाद इसे पूरे राज्य में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

 

समीक्षा बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, सचिव भीम सिंह, सचिव धर्मेश साहू, प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा, एनआरएलएम के संचालक अश्वनी देवांगन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

दंडकारण्य दर्पण

Exit mobile version