
। दंडकारण्य दर्पण।
रायपुर
महतारी वंदन योजना के तहत हितग्राहियों के डिजिटल सत्यापन की निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी है। हालांकि बस्तर संभाग के जिलों में अपेक्षाकृत कम ई-केवाईसी होने के कारण राज्य सरकार ने यहां की महिलाओं को 20 जुलाई 2026 तक ई-केवाईसी कराने का अतिरिक्त अवसर प्रदान किया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार प्रदेश में योजना से जुड़ी लगभग 65.3 लाख सक्रिय हितग्राहियों में से 97 प्रतिशत से अधिक महिलाओं का डिजिटल सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। शेष हितग्राहियों का सत्यापन भी तेजी से कराया जा रहा है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन महिलाओं ने 30 जून 2026 तक ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनकी जुलाई माह की किस्त अस्थायी रूप से रोक दी जाएगी। बस्तर संभाग के जिलों में कम सत्यापन को देखते हुए विशेष छूट देते हुए 20 जुलाई तक ई-केवाईसी कराने का अवसर दिया गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने नजदीकी केंद्र पर पहुंचकर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि महतारी वंदन योजना की आगामी किस्त बिना किसी बाधा के उनके बैंक खाते में प्राप्त हो सके। विभाग ने यह भी कहा है कि समय पर सत्यापन कराने से योजना का लाभ लगातार मिलता रहेगा।