
रायपुर। प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, शिक्षाविद एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सोमवार को राजधानी रायपुर के शारदा चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार राष्ट्र निर्माण की अमूल्य धरोहर हैं और उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता, सांस्कृतिक चेतना तथा जनसेवा के लिए समर्पित रहा।
केदार कश्यप ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए हर चुनौती का दृढ़ता से सामना किया। उनका त्याग, राष्ट्रनिष्ठा और दूरदर्शी नेतृत्व आज भी देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में हो रहे प्रयासों में डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र प्रथम, सुशासन और राष्ट्रीय एकात्मता के विचारों की स्पष्ट झलक दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सेवा का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य करे। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।