CG News: कलेक्टर ने देवगांव के पीएम श्री पोर्टा केबिन स्कूल का किया निरीक्षण*

शिक्षा की गुणवत्ता, छात्रावास की सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के दिए निर्देश*

 

नारायणपुर, 05 जुलाई 2026 // कलेक्टर नम्रता जैन ने शुक्रवार को देवगांव स्थित पीएम श्री पोर्टा केबिन स्कूल का निरीक्षण कर विद्यालय एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय भवन, कक्षाओं, बालक एवं कन्या छात्रावास, शौचालय, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब सहित अन्य कक्षों का अवलोकन किया। छात्रावास परिसर में कुछ स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल साफ-सफाई कराने और नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने मरम्मत योग्य भवनों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही उपयोग में नहीं आ रहे भवनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर भवनों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए, ताकि उनकी पढ़ाई निर्बाध रूप से संचालित हो सके।

 

कलेक्टर ने बालक एवं कन्या छात्रावास का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के रहने, भोजन, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध कराने तथा विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों को नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ही नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण अध्यापन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया।

Exit mobile version