
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को सक्ती जिला कार्यालय में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में राज्य और जिला स्तर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने सम्मान समारोह के दौरान विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्य, करियर की योजनाओं और रुचियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कई विद्यार्थियों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर और अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और बड़े सपनों की सराहना करते हुए कहा कि समर्पण, अनुशासन, नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा से जुटे रहते हैं, सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमती है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाओं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का प्रत्येक विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़े और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना को भी अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मानित हुए विद्यार्थी केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का गौरव हैं। उनकी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी और उत्कृष्टता की नई परंपरा को आगे बढ़ाएंगी।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहब, सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।