CG News: छोटेडोंगर पुलिस की तत्परता से महिला को 22 हजार रुपये और मोबाइल सुरक्षित वापस मिला

साप्ताहिक बाजार में गुम हुआ था नकदी और मोबाइल, साइबर सेल की मदद से पुलिस ने कुछ ही समय में खोजकर किया सुपुर्द

 

 

 

रिपोर्टर – बोधन नाग 

नारायणपुर। छोटेडोंगर थाना पुलिस और साइबर सेल नारायणपुर की त्वरित कार्रवाई से एक महिला को साप्ताहिक बाजार में गुम हुआ 22 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन सुरक्षित वापस मिल गया। पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

जानकारी के अनुसार ग्राम हीरांगई झारा निवासी सुखमति गोटा साप्ताहिक बाजार छोटेडोंगर में ग्रामीण बैंक से राशि निकालने और खरीदारी करने आई थीं। बाजार की भीड़ के दौरान उनका थैला कहीं गुम हो गया। थैले में 22 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन रखा हुआ था।

 

घटना की जानकारी मिलते ही महिला ने तत्काल थाना छोटेडोंगर में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल नारायणपुर की मदद से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र में लगातार तलाश की और अथक प्रयासों के बाद महिला का थैला, उसमें रखी पूरी नकदी और मोबाइल सुरक्षित बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया।

 

अपना गुम हुआ सामान सुरक्षित वापस मिलने पर सुखमति गोटा ने छोटेडोंगर थाना पुलिस और साइबर सेल नारायणपुर का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।

 

थाना प्रभारी हरिशंकर ध्रुव ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की गुमशुदगी, आपात स्थिति या साइबर अपराध की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Exit mobile version