
फरसगांव। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) फरसगांव मंडल में युवा एवं सक्रिय कार्यकर्ता रामकुमार कोर्राम को महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया और जिला अध्यक्ष नागेंद्र देवगान के मार्गदर्शन में की गई। नियुक्ति की घोषणा के बाद क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं में उत्साह का माहौल है।
रामकुमार कोर्राम लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ के कारण उन्हें क्षेत्र के उभरते आदिवासी युवा नेतृत्व के रूप में देखा जाता है। पार्टी नेतृत्व ने उनकी कार्यशैली, संगठन के प्रति समर्पण और सक्रिय भागीदारी को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है।
रामकुमार कोर्राम एक राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से आते हैं। बताया जाता है कि वर्ष 1952 के दौर में केशकाल विधानसभा क्षेत्र के प्रथम विधायक स्वर्गीय राजमन कोर्राम रहे थे। जनसेवा और सामाजिक सरोकारों की यही विरासत रामकुमार कोर्राम के सार्वजनिक जीवन में भी दिखाई देती है। वे लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहकर युवाओं के बीच अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से भाजयुमो फरसगांव मंडल को संगठनात्मक मजबूती मिलेगी और क्षेत्र की युवा राजनीति को नई दिशा मिलेगी। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने और पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का अभियान मजबूत होगा।
नवनियुक्त महामंत्री रामकुमार कोर्राम ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर गांव और प्रत्येक युवा तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक जागरूकता और संगठन के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना उनका प्रमुख उद्देश्य रहेगा। उनके अनुसार राष्ट्रहित और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।