
छोटेडोंगर। रिपोर्टर – बोधन नाग
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार छोटेडोंगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मानसून ने जोरदार दस्तक दे दी है। पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने पूरे क्षेत्र का मौसम सुहावना बना दिया है। तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही है।
बारिश के अभाव में सूख चुके खेत अब पानी से लबालब नजर आ रहे हैं। धान की बोनी और थरहा लगाने का कार्य, जो बारिश नहीं होने के कारण प्रभावित हो रहा था, अब तेजी पकड़ने लगा है। किसानों ने खेतों की तैयारियां शुरू कर दी हैं और कृषि कार्यों में फिर से रौनक लौट आई है।
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश फसलों के लिए अमृत के समान है। पर्याप्त नमी मिलने से धान की खेती को लाभ मिलेगा और इस वर्ष अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ गई है। लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही है और वे बेहतर फसल की आस के साथ खेती के कार्य में जुट गए हैं।
मौसम में आए इस बदलाव से आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। तापमान में गिरावट आने से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में इसी तरह नियमित बारिश होती रही तो क्षेत्र में कृषि उत्पादन बेहतर होगा और किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।