
दंडकारण्य दर्पण
नकटी गांव के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की तैयारी तेज, 60 परिवारों को पीएम आवास योजना के तहत मकान आवंटित
रायपुर। नया रायपुर के नकटी गांव में प्रशासनिक कार्रवाई से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को राहत देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सेक्टर-30 में पक्के मकान आवंटित करने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। प्रशासन का कहना है कि पात्र परिवारों को जल्द से जल्द नए आवास में बसाने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
प्रशासन के अनुसार लगभग 60 प्रभावित परिवारों की पहचान कर आवास आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन परिवारों को सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नए मकानों में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यवस्थापन और शिफ्टिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि पुनर्वास की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई पूरी होने के तुरंत बाद पात्र परिवारों को उनके आवंटित मकानों में शिफ्ट करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्रशासन का दावा है कि पुनर्वास के दौरान प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि नकटी गांव में हाल ही में हुई प्रशासनिक कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर लगातार मांग उठ रही थी। अब प्रशासन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्थायी आवास उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए पुनर्वास प्रक्रिया को गति देने का दावा किया है। आने वाले दिनों में पात्र परिवारों को नए आवास में स्थानांतरित करने का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।