CG News: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और मंत्री केदार कश्यप ने शहीद व नक्सल पीड़ित परिवारों का जाना दर्द

नारायणपुर में संवेदनशील संवाद, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश, हांदावाड़ा की सोनाय बाई नेताम को मिला नियुक्ति पत्र

 

नारायणपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने शनिवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिले के शहीद परिवारों और नक्सल पीड़ित परिवारों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं, सुझाव और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान दोनों नेताओं ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार शहीदों के परिजनों और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के सम्मान, पुनर्वास और कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

बैठक में अनुकंपा नियुक्ति, बच्चों की शिक्षा, आर्थिक सहायता, पुनर्वास तथा अन्य लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहीद एवं नक्सल पीड़ित परिवारों से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए।

 

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव राष्ट्र के लिए प्रेरणा रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य नक्सल प्रभावित परिवारों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। बस्तर अब शांति, विकास और विश्वास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है और आने वाले समय में यह क्षेत्र विकास की नई पहचान बनाएगा।

 

बैठक के दौरान कई पीड़ित परिवारों ने अपने संघर्ष और दर्द साझा किए। अपनों को खोने की पीड़ा सुनाते समय कई परिजनों की आंखें नम हो गईं। इस भावुक माहौल में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी भावुक हो उठे। वहीं नक्सल विरोधी अभियानों में घायल पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

 

कार्यक्रम के दौरान ओरछा विकासखंड के सुदूर ग्राम हांदावाड़ा निवासी नक्सल पीड़ित सोनाय बाई नेताम को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हांदावाड़ा में नियुक्ति के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। उप मुख्यमंत्री ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

 

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारिता संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में शहीद एवं नक्सल पीड़ित परिवार उपस्थित रहे।

Exit mobile version