CG News: 29 जून से 6 जुलाई तक प्रदेशभर में मनाया जाएगा सहकारिता सप्ताह 2026

जगदलपुर में मंत्री केदार कश्यप ने दी जानकारी, रायपुर में होगा राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर और सहकार मेला।

 

दण्डकारण्य दर्पण

 

भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक देशभर में सहकारिता सप्ताह मनाया जाएगा। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ में भी किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण उद्यमियों को सहकारिता से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी जानकारी सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता सप्ताह को जनभागीदारी का अभियान बनाया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों, विकासखंडों और सहकारी समितियों में कार्यक्रम आयोजित कर किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, दुग्ध उत्पादकों, मत्स्य पालकों, बुनकरों और लघु वनोपज संग्राहकों को सहकारिता आंदोलन से जोड़ा जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि प्रदेश की 2573 प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) में सहकारी ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान, किसान क्रेडिट कार्ड और रू-पे केसीसी कार्ड वितरण, माइक्रो एटीएम सुविधा, सहकार दौड़, वृक्षारोपण, मृदा परीक्षण, कृषक संगोष्ठी तथा एफपीओ और पैक्स की भूमिका पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।

 

मंत्री ने बताया कि 3 और 4 जुलाई को रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर, सहकार मेला, अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस समारोह और सहकारी संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे। इसमें नाबार्ड, एनसीडीसी, नैफेड, इफको, कृभको सहित कई राष्ट्रीय संस्थाएं भाग लेंगी।

 

उन्होंने कहा कि सहकार मेले में सफल किसानों, महिला समूहों और ग्रामीण उद्यमियों की उपलब्धियों के साथ डिजिटल सेवाएं, आधुनिक तकनीक और सहकारिता के सफल मॉडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

 

सहकारिता सप्ताह के समापन पर 6 जुलाई को भारत सरकार के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री द्वारा विश्व की सबसे बड़ी विकेंद्रीकृत अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ की नौ पैक्स समितियों में गोदाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा।

 

पत्रकार वार्ता के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जगदलपुर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, सहकारिता विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Exit mobile version