
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बड़ी राहत, साड़ी खरीद की राशि अब सीधे खाते में मिलेगी
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के हित में बड़ा फैसला लिया है। अब यूनिफॉर्म के लिए मिलने वाली साड़ी की खरीद की राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसके साथ ही वर्षों से चली आ रही केंद्रीकृत साड़ी खरीदी व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि साड़ी खरीदी को लेकर समय-समय पर मिले सुझावों और शिकायतों के बाद यह निर्णय लिया गया है। नई व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को अपनी पसंद के अनुसार साड़ी खरीदने का अवसर मिलेगा।
विभाग के अनुसार साड़ी का रंग और डिजाइन पहले की तरह विभाग द्वारा निर्धारित किया जाएगा, ताकि पूरे प्रदेश में एकरूपता बनी रहे। वहीं कपड़े की गुणवत्ता और प्रकार का चयन कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं स्थानीय स्तर पर स्वयं कर सकेंगी। इससे उन्हें बेहतर विकल्प चुनने की सुविधा मिलेगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि नई व्यवस्था से प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी होगी। साड़ी खरीदी से संबंधित दिशा-निर्देश और अन्य जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार का मानना है कि इस फैसले से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को अधिक सुविधा मिलेगी तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।