CG News: जागा रानी देवी के प्रतीक साजा वृक्ष को आग लगाने का मामला, आरोपी सुधराम उसेंडी न्यायिक हिरासत में

आदिवासी समाज की धार्मिक आस्था से जुड़ी घटना पर पुलिस की कार्रवाई, एड़का क्षेत्र के गोर्रा गांव का मामला।

गोर्रा में आस्था के प्रतीक साजा वृक्ष को आग लगाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

 

नारायणपुर। जिले के एड़का क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोर्रा में आदिवासी समाज की आस्था से जुड़े साजा वृक्ष को आग लगाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम गोर्रा में दुग्गा पतिया परिवार की कुल देवी ‘जागा रानी देवी’ का प्रतीक माने जाने वाले जिम्मारिन माता साजा वृक्ष को आग लगाने की घटना सामने आई थी। यह वृक्ष क्षेत्र के आदिवासी समुदाय की धार्मिक आस्था और परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। घटना के बाद ग्रामीणों और समाज के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त था।

 

पुलिस ने मामले की जांच के बाद ग्राम गोर्रा निवासी सुधराम उसेंडी पिता दुवारू उसेंडी के खिलाफ अपराध दर्ज किया। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रकरण कायम कर कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

 

धारा 170 बीएनएस सार्वजनिक शांति भंग करने अथवा समाज में तनाव और अशांति उत्पन्न करने से जुड़े कृत्यों से संबंधित है। धारा 126 शांति भंग होने की आशंका तथा लोक व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों में लागू की जाती है। वहीं धारा 135(3) ऐसे कृत्यों से संबंधित है, जिनसे किसी समुदाय की धार्मिक भावनाएं, परंपराएं अथवा सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना हो।

 

ग्रामीणों का कहना है कि जागा रानी देवी उनके कुल देवी स्वरूप आस्था का केंद्र हैं और साजा वृक्ष को विशेष धार्मिक महत्व प्राप्त है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों ने दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की गई है तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Exit mobile version