
आज सभी ग्राम पंचायतों में होगी ग्राम सभा, आवास प्लस 2.0 सूची पर होगा मंथन
रायपुर। प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में आज ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से प्राप्त स्थायी प्रतीक्षा सूची का अवलोकन एवं वाचन किया जाएगा। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता सूची तैयार करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
बैठक के दौरान ग्रामीणों से प्राप्त दावे एवं आपत्तियों पर चर्चा कर उनका निराकरण किया जाएगा। ग्राम सभा से अनुमोदन मिलने के बाद स्थायी प्रतीक्षा सूची को आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा, जिससे पात्र हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
ग्राम सभाओं में पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा भी की जाएगी। इसके अलावा पंचायतों के आय-व्यय का परीक्षण एवं अनुमोदन, विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा तथा स्थानीय विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
ग्रामीण स्वशासन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई मानी जाने वाली ग्राम सभा ग्रामीणों को अपने गांव के विकास में सीधे भागीदारी का अवसर प्रदान करती है। ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीण योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, पात्र हितग्राहियों के चयन में अपनी राय रख सकते हैं तथा पंचायत के कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कर सकते हैं। इससे गांव के विकास कार्यों में जनसहभागिता बढ़ती है और योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
ग्रामीणों से ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गांव के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है।